लंदन, 10 मार्च।
द हंड्रेड टूर्नामेंट के आगामी सत्र की तैयारी के तहत सदर्न ब्रेव ने अपनी पुरुष टीम के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर हेमांग बदानी को मुख्य कोच नियुक्त किया है। वहीं इंग्लैंड के पूर्व स्टार बल्लेबाज इयान बेल को टीम का सहायक कोच बनाया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स ने भी इयान बेल को हेमांग बदानी के सहायक कोच के रूप में नियुक्त किया था। दिल्ली कैपिटल्स के मालिक जीएमआर समूह ने पिछले वर्ष जुलाई में सदर्न ब्रेव फ्रेंचाइजी में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी।
हेमांग बदानी ने पिछले सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। उनके नेतृत्व में टीम ने टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी। बदानी के पास फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कोचिंग का अच्छा अनुभव है। वह जीएमआर समूह की अन्य टीमों के साथ भी जुड़े रहे हैं, जिनमें सिएटल ऑर्कास (मेजर लीग क्रिकेट) और दुबई कैपिटल्स (इंटरनेशनल लीग टी20) शामिल हैं।
दूसरी ओर, इयान बेल को इंग्लैंड की परिस्थितियों का गहरा अनुभव है। वह पहले इंग्लैंड अंडर-19 और इंग्लैंड लायंस टीमों के साथ भी काम कर चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2024 में इंग्लैंड दौरे के दौरान उन्होंने श्रीलंका टेस्ट टीम के बल्लेबाजी कोच के रूप में भी भूमिका निभाई थी।
सदर्न ब्रेव ने वर्ष 2021 में पुरुष वर्ग के पहले द हंड्रेड टूर्नामेंट का खिताब जीता था, जबकि 2024 में टीम उपविजेता रही थी। हालांकि पिछले सत्र में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और आधे मुकाबले हारने के कारण वह नॉकआउट चरण में जगह बनाने में असफल रही।



