सुपौल, 25 फरवरी।
समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में मंगलवार को 26 फरवरी को नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट ऑथोरिटी (एनडीएमए) द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी भूकंप मॉक एक्सरसाइज की तैयारी को लेकर टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया।
बैठक में बिहार आपदा प्रबंधन विभाग और सभी जिलों के पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। बैठक की अध्यक्षता अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारिक ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी तैयारियों, संसाधनों और कार्ययोजना की जानकारी साझा की।
एनडीएमए के अधिकारियों ने कहा कि यह मॉक ड्रिल केवल औपचारिक अभ्यास नहीं, बल्कि आपदा से बचाव, तत्परता, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास है। सभी विभागों को आपसी समन्वय और तेज सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निर्णय लिया गया कि 26 फरवरी की मॉक एक्सरसाइज को वास्तविक आपदा परिदृश्य के अनुसार संचालित किया जाएगा, ताकि भूकंप की स्थिति में प्रशासन प्रभावी और त्वरित कार्रवाई कर सके। जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



