सुपौल, 20 फरवरी।
26 फरवरी को होने वाले भूकंप मॉक ड्रिल की पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक समाहरणालय के लहटन चौधरी सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में भूकंप की स्थिति में त्वरित बचाव और राहत कार्यों की प्रभावी कार्यवाही, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस बैठक में अपर समाहर्त्ता (आपदा प्रबंधन) मो. तारिक, अपर समाहर्त्ता सच्चिदानंद सुमन, अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साहु, उप कमांडेंट/टीम लीडर 9वीं वाहिनी थुमहा कैम्प पिपरा अमित कुमार और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के प्रशिक्षक ने भूकंप से बचाव, राहत कार्यों और रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसमें सुरक्षा उपायों, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और विभागवार कार्य योजनाओं को साझा किया गया।
जिलाधिकारी ने अपर समाहर्त्ता को निर्देशित किया कि 26 फरवरी के मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए सभी विभागों से समन्वय बनाकर समय पर सभी तैयारियां पूरी की जाएं ताकि किसी वास्तविक आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



