मंगन (सिक्किम), 26 फरवरी 2026।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरुवार को उत्तर सिक्किम के चुंगथांग-लाचेन सड़क खंड पर स्थित नवनिर्मित ताराम-चू स्टील ब्रिज का उद्घाटन कर क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। यह पुल पहाड़ी क्षेत्र में आवागमन बहाल करने के लिए बनाया गया है। रक्षा राज्य मंत्री दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर सिक्किम पहुंचे थे और उन्होंने पहले दिन ही इस पुल का लोकार्पण किया। वे कार्यक्रम स्थल पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे।
अपने संबोधन में रक्षा राज्य मंत्री ने कठिन भौगोलिक और मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद अल्प समय में पुल निर्माण पूरा करने के लिए सीमा सड़क संगठन और जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स के कर्मियों की प्रशंसा की। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पुल लाचेन और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के सामान्य जीवन को बहाल करने के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्र में सामरिक आवाजाही को भी मजबूत करेगा।

इससे पहले स्थानीय विधायक और मंत्री ने उत्तर सिक्किम दौरे और बहुप्रतीक्षित पुल के उद्घाटन के लिए रक्षा राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अक्टूबर 2023 में आए ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड और उसके बाद आई प्राकृतिक आपदाओं से जनजीवन और संपर्क व्यवस्था पर पड़े प्रभावों का भी उल्लेख किया।
जानकारी के अनुसार भारी बारिश, चक्रवात रेमल और बादल फटने जैसी घटनाओं से उत्तर सिक्किम के कई पुल और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा था। ताराम-चू पर बना 400 फुट लंबा बेली सस्पेंशन स्टील ब्रिज तथा 28 किलोमीटर लंबे चुंगथांग-लाचेन मार्ग की बहाली को आपदा के बाद पुनर्निर्माण प्रयासों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस पुल के निर्माण में उच्च हिमालयी परिस्थितियों और भूकंपीय संवेदनशीलता को ध्यान में रखा गया है।

पुल के बनने से चुंगथांग और लाचेन के बीच जीवनरेखा बहाल हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी तथा आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं भी मजबूत होंगी। उद्घाटन के बाद रक्षा राज्य मंत्री समीक्षा बैठक के लिए चुंगथांग रवाना हो गए।



