गंगटोक, 18 फरवरी।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ सिक्किम (बीएएस) के महासचिव सुकांत दास को भारतीय टीम का मैनेजर नियुक्त किए जाने पर बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में बताया कि उन्होंने अपने सरकारी आवास पर सुकांत दास से मुलाकात की। इस दौरान बीएएस के अध्यक्ष जैकब खालिंग भी उपस्थित थे।
सुकांत दास को नीदरलैंड के हार्लेम में आयोजित होने वाले डच जूनियर इंटरनेशनल ग्रां प्री और जर्मनी के लुडिंगहौसेन में होने वाले जर्मन जूनियर इंटरनेशनल ग्रां प्री के लिए भारतीय टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिक्किम के लिए गर्व का विषय है कि बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने इसे राज्य में बैडमिंटन के विकास में दास के योगदान की मान्यता बताया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।



