तेहरान/वाशिंगटन, 06 मार्च।
अमेरिका और इजराइल के संयुक्त सैन्य अभियान से ईरान में भय और हड़कंप मच गया है। युद्ध के छठे दिन दोनों देशों ने ईरान की राजधानी तेहरान में स्थित प्रतिष्ठित फुटबाल मैदान 'आजादी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' को निशाना बनाया। इस हमले में 12 हजार सीटों की क्षमता वाला इंडोर एरिना पूरी तरह ध्वस्त हो गया।
ईरान सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और माना है कि इंडोर स्टेडियम को भारी नुकसान पहुंचा है। खेलमंत्री अहमद दोन्यामाली ने घटनास्थल का दौरा किया और हमले को अंतरराष्ट्रीय कानून और ओलंपिक चार्टर का उल्लंघन बताया। उन्होंने दुनिया भर से जवाबदेही तय करने की अपील की, जबकि अमेरिका और इजराइल की ओर से इस दावे पर कोई टिप्पणी नहीं आई।
आजादी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ईरान का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित खेल परिसर है। इसका फुटबाल स्टेडियम लगभग 78,000 से 1,00,000 दर्शकों की क्षमता वाला है। इंडोर एरिना वॉलीबॉल, कुश्ती, बास्केटबॉल और फुटसल जैसे खेलों के लिए प्रयोग किया जाता रहा है। कॉम्प्लेक्स में कृत्रिम झील, तैराकी केंद्र, वेलोड्रोम और प्रशिक्षण मैदान जैसी अन्य सुविधाएं भी मौजूद हैं।
इतिहास में इस स्टेडियम का निर्माण 1974 के एशियाई खेलों के लिए किया गया था। इसे पहले 'आर्यमेहर स्टेडियम' कहा जाता था, लेकिन 1979 की ईरानी क्रांति के बाद इसका नाम बदलकर आजादी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कर दिया गया। स्टेडियम ने 1976 एएफसी एशियाई कप सहित कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी की।
ईरान सरकार ने बताया कि पांच मार्च के हवाई हमले में इंडोर एरिना के साथ साइकिलिंग फेडरेशन की नई इमारत और छात्रावास को भी भारी नुकसान हुआ है। लोगों को इस क्षेत्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है। यह कॉम्प्लेक्स तेहरान के पश्चिम में एकबतन जिले के पास स्थित है।
अमेरिका के रक्षामंत्री पीट हेगसेथ ने चेताया कि यह लड़ाई अभी शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजराइल की सेनाएं मौजूदा क्षमता से कई गुना तेज हमले कर सकती हैं और सैन्य अभियान जारी रहेगा।



