कूचबिहार, 02 मार्च।
जिले के मेखलीगंज थाना क्षेत्र के वोटबाड़ी इलाके में सोमवार को पूर्व पंचायत प्रधान मृत्युंजय सिंह के तालाब से रहस्यमय तरीके से दो टोटो (ई-रिक्शा) बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों से तालाब में पानी के भीतर तैरता हुआ कुछ देखा जा रहा था। सुबह एक व्यक्ति जब तालाब में जाकर उसे हटाने लगा, तो पता चला कि यह टोटो की छत थी। जांच में पूरे टोटो पानी में डूबा मिला। थोड़ी खोजबीन के बाद तालाब के पास ही दूसरा टोटो भी बरामद हुआ।
सूचना मिलने पर मेखलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पूर्व प्रधान का अनुमान है कि अज्ञात व्यक्ति कुछ दिन पहले टोटो को तालाब में फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से दोनों टोटो बाहर निकाले। टोटो की नंबर प्लेट और इंजन नंबर की जांच कर मालिक का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस को शक है कि यह किसी बड़े चोरी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।



