भराड़ीसैंण, 11 मार्च।
उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को प्रश्नकाल में खेल, महिला सशक्तिकरण और राशन वितरण से जुड़े मुद्दे उठे। सरकार की ओर से मंत्री रेखा आर्या ने सभी सवालों के जवाब दिए।
सदस्य सुरेश गाड़ियां के प्रश्न पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को उनके ग्रेड और पदक के अनुसार नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खिलाड़ियों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण देने के लिए लॉन्ग टर्म प्लान तैयार किया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण और बाल विकास मंत्री ने सदस्य बृजभूषण गैरोला और महेश जीना के प्रश्नों के जवाब में कहा कि 2022 से मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, प्रवर्तकता योजना और नन्दा गौरा योजना के तहत गरीब बच्चों को मानदेय एवं प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। उत्तरकाशी के यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में लगभग 26 महिलाओं को स्वरोजगार योजना से जोड़ा गया। राज्य में महिला समेकित विकास योजना, मुख्यमंत्री महिला सतत आजीविका योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सेनेटरी नैपकिन योजना, वन स्टॉप सेंटर और सखी निवास जैसी कई योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।
सदस्य सुमित ह्रदयेश, संजय डोभाल और शक्तिशाल शाह के प्रश्नों पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री ने बताया कि राज्य में कुल 1,84,140 राशन कार्डधारकों का सत्यापन किया जा रहा है। अपात्र कार्ड निरस्त किए जाएंगे और पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। पिछले चार वर्षों में अंत्योदय अन्न योजना से प्राथमिक परिवार योजना और फिर राज्य खाद्य योजना में 1,45,612 परिवारों को स्थानांतरित किया गया।
मंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए 30 स्टेडियम और 102 मिनी स्टेडियम बनाए जा चुके हैं। प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम का निर्माण और रख-रखाव सुनिश्चित किया जा रहा है। हल्द्वानी मिनी स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान फुटबॉल प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए केज लगाया गया।



