श्रीनगर, 11 मार्च
जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिला है। मैदानी इलाकों में जहां बारिश दर्ज की गई, वहीं बुधवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम स्तर की बर्फबारी हुई।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाल के घंटों में हुई वर्षा और हिमपात के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा बर्फबारी हुई है।
विशेष रूप से किश्तवाड़, गांदरबल, अनंतनाग, कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों के कुछ ऊंचाई वाले स्थानों पर मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे इन क्षेत्रों में ठंड और बढ़ गई है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 14 मार्च तक प्रदेश में मौसम सामान्यतः शुष्क बना रह सकता है। इसके बाद 15 से 20 मार्च के बीच आसमान में बादल छाए रहने के साथ ऊंचे क्षेत्रों में हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे 12 मार्च तक अपने कृषि कार्यों को अस्थायी रूप से रोक दें, ताकि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से फसलों को नुकसान से बचाया जा सके।


