कोरबा, 23 फरवरी 2026।
कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़धुवा गांव में चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। बताया गया कि गुस्से में आए पति ने अपनी 36 वर्षीय पत्नी पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस के अनुसार आरोपित फूलजेन तिर्की अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में मजदूरी करता था और बीती रात ही गांव स्थित अपने घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उसकी पत्नी गीता तिर्की से विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया। विवाद के दौरान आरोपी ने आपा खोकर पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी, जबकि आरोपित पति और बड़ा बेटा गोवा में काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



