पश्चिमी सिंहभूम, 26 फ़रवरी 2026।
चक्रधरपुर के गैंगखोली इलाके में बुधवार देर रात एक युवक की भुजाली से गला काटकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे शहर में भय का माहौल बन गया। मृतक की पहचान शीतला मंदिर वार्ड संख्या 7 निवासी राज तांती के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राज तांती गैंगखोली क्षेत्र में कुछ युवकों के साथ अवैध कार्यों में शामिल था और उसी दौरान एक युवक से उधार दिए गए पैसों को वापस मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों के बीच कहासुनी के बाद मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान आरोपित ने अचानक भुजाली निकालकर राज तांती पर गले और पेट पर कई वार किए, जिससे उसका गला गंभीर रूप से कट गया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राज तांती किसी तरह जान बचाने के प्रयास में अपने कटे गले को हाथ से दबाए हुए घर की ओर भागा और शीतला मंदिर क्षेत्र पहुंचकर गिर पड़ा। अधिक रक्तस्राव होने के कारण परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता मारतुल तांती ने धर्मेंद्र प्रधान के पुत्र सन्नी प्रधान पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पैसों के लेनदेन को लेकर पहले मारपीट की गई और फिर भुजाली से हमला कर उनके बेटे की हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने पर पोड़ाहाट के डीएसपी और चक्रधरपुर थाना प्रभारी सहित पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर आरोपित की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है। वहीं, मृतक की बहन ने आरोप लगाया है कि हत्या का संबंध ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े पैसे के विवाद से भी हो सकता है।



