भोपाल,13 मार्च।
नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित होने जा रहे “अमृत मित्र महोत्सव” में मध्य प्रदेश की लगभग 300 महिलाएँ भाग लेंगी। इस राष्ट्रीय आयोजन में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित कई राज्यों की अमृत मित्र महिलाएँ भी शामिल हो रही हैं।
नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि विभाग द्वारा शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश के 55 नगरीय निकायों में 312 स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 1,028 महिलाओं को अमृत मित्र के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। ये महिलाएँ जल गुणवत्ता परीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि ये स्व-सहायता समूह सार्वजनिक उद्यानों के रखरखाव के साथ-साथ केंद्र सरकार के “वुमन फॉर ट्रीज़” कार्यक्रम के तहत पौधरोपण और उनकी देखभाल का कार्य भी प्रभावी ढंग से कर रहे हैं।
भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के योगदान को रेखांकित करने के उद्देश्य से नई दिल्ली के प्रतिष्ठित “भारत मंडपम” में “अमृत मित्र महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर से अमृत मित्र के रूप में कार्यरत महिलाएँ, नगरीय निकायों के प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मिलेगा सम्मानइस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर जल संरक्षण, स्वच्छता और शहरी प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करेंगे। यह कार्यक्रम उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ-साथ महिला नेतृत्व के माध्यम से सतत शहरी विकास की दिशा को मजबूत करेगा।
नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने अमृत मित्र महिलाओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पहल शहरी विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्य प्रदेश की महिलाएँ इस राष्ट्रीय मंच पर अपने नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों को प्रस्तुत कर अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बनेंगी।



