रियाद, 19 फ़रवरी।
पुर्तगाल के मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की गैरमौजूदगी में सऊदी अरब के क्लब अल नासर ने एएफसी चैंपियंस लीग-2 फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अल नासर ने तुर्कमेनिस्तान के क्लब आर्कादाग को 1-0 से हराकर दो मुकाबलों के कुल स्कोर में 2-0 की जीत हासिल की।
41 वर्षीय रोनाल्डो इस मुकाबले में टीम का हिस्सा नहीं थे और मैच स्टैंड्स से देखते नजर आए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें सऊदी प्रो लीग और एएफसी चैंपियंस लीग-2 के आगामी महत्वपूर्ण मैचों के मद्देनज़र आराम दिया गया है। दिसंबर 2022 में रियाद स्थित अल नासर से जुड़ने के बाद रोनाल्डो अब तक किसी बड़े खिताब की जीत नहीं दर्ज कर पाए हैं।
क्वार्टरफाइनल में अल नासर का सामना संयुक्त अरब अमीरात के क्लब अल वस्ल से होगा, जिसका पहला मुकाबला 3 मार्च को खेला जाएगा।
वहीं, शीर्ष स्तर के एएफसी चैंपियंस लीग एलीट टूर्नामेंट में पूर्वी क्षेत्र से जापान के तीन और दक्षिण कोरिया के दो क्लब अंतिम-16 चरण में प्रवेश करने में सफल रहे हैं। मलेशिया का जोहोर दारुल ताज़िम और थाईलैंड का बुरिराम यूनाइटेड भी अगले दौर में पहुंचे, जबकि ऑस्ट्रेलिया का मेलबर्न सिटी 2016 के बाद अंतिम-16 में जगह बनाने वाली दूसरी ऑस्ट्रेलियाई टीम बना।
पश्चिमी क्षेत्र में सऊदी अरब के क्लबों का दबदबा दिखा। अल हिलाल, अल अहली और अल इत्तिहाद शीर्ष चार में शामिल रहे। ईरान का ट्रैक्टर क्लब तीसरे स्थान पर रहा, जबकि कतर के अल दुहैल और अल साद के साथ अल वहदा ने भी अंतिम-16 में जगह बनाई। अंतिम-16 के पहले चरण के मुकाबले 2 और 3 मार्च को खेले जाएंगे।



