धमतरी, 26 फरवरी।
नगर निगम धमतरी में बेलिंग मशीन खरीदी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस पार्षदों ने मशीन की खरीदी में अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए गुरुवार को निगम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया।
पार्षद दल का आरोप है कि निविदा में तय तकनीकी मापदंडों के अनुरूप मशीन की सप्लाई नहीं की गई। निविदा शर्तों के अनुसार डबल सिलिंडर और 10 एचपी मोटर वाली मशीन अनिवार्य थी, लेकिन निरीक्षण में सिंगल सिलिंडर और 7.5 एचपी मोटर की मशीन मिलने की बात सामने आई है। इसे नियमों का उल्लंघन बताते हुए पार्षदों ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ठेकेदार की मिलीभगत का आरोप लगाया है।
कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि 11 फरवरी को इस संबंध में निगम आयुक्त को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निविदा में स्पष्ट मापदंड तय थे तो उसके विपरीत मशीन की खरीदी किसके निर्देश पर की गई और जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है।
धरना प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र (विशु) देवांगन सहित अन्य पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस पार्षद दल ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई करने तथा निगम की खरीद प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



