धमतरी, 20 फरवरी।
धमतरी के मकई चौक के पास पिछले पखवाड़े से 20 परिवारों के नल सूखे पड़े हैं। मकई तालाब से बालक चौक तक बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन बिछाने के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से पेयजल पाइप लाइन टूट गई। अब तक न तो मरम्मत हुई है और न ही आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इस वजह से इन परिवारों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
नगर निगम ने मरम्मत के लिए टीम तो भेजी, लेकिन पाइप लाइन के बैंड और अन्य सामग्री उपलब्ध न होने के कारण कार्य रुका हुआ है। मरम्मत के लिए करीब 15 हजार रुपये की जरूरत बताई जा रही है, लेकिन ठेकेदार न तो सामग्री दे रहा है और न ही खर्च के लिए राशि उपलब्ध करा रहा है।
मकेश्वर वार्ड के निवासी सोहन धीवर, बबलू साहू और देवेंद्र कुमार ने बताया कि वे कई बार निगम कार्यालय में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं मिला। जनक राम साहू और पंकज ध्रुव ने कहा कि नगर निगम को पेयजल व्यवस्था की ओर तुरंत ध्यान देना चाहिए। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाएगी, क्योंकि लोगों को साफ पानी के लिए दूसरों के घर तक जाना पड़ रहा है।
जल विभाग के इंजीनियर लोमस देवांगन ने कहा कि मामले की जानकारी उनके पास नहीं है और काम महिला इंजीनियर देख रही हैं। नगर निगम के एमआईसी मेंबर एवं जल विभाग प्रभारी सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि ठेकेदार को स्टीमेट देकर मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं और एक-दो दिन में पानी की आपूर्ति दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया है।
हालांकि, सवाल यह है कि जब जिम्मेदारी तय है, तो 20 परिवारों को पानी के लिए तरसना क्यों पड़ रहा है। गर्मी की आहट के बीच यह पेयजल संकट नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।



