जगदलपुर, 17 फरवरी।
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. (पट्टलिंगम) ने युवाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि बस्तर त्याग, परिश्रम और सामुदायिक एकता की भूमि है। इस क्षेत्र की पहचान उन शहीदों, जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार नागरिकों से है, जिन्होंने इसकी सुरक्षा और विकास के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
उन्होंने कहा कि समाज, विशेषकर युवा वर्ग, को किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार या हिंसक विचारधारा से दूर रहना चाहिए। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, सकारात्मक सोच और क्षेत्र के विकास में होना चाहिए।
आईजी ने स्पष्ट चेतावनी भी दी कि यदि कोई व्यक्ति हिंसक गतिविधियों या उग्र विचारधाराओं का समर्थन करते पाया गया, तो उसके खिलाफ विधिसम्मत और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बस्तर की असली ताकत उसकी एकजुटता और शांति है। युवाओं को चाहिए कि वे भ्रमित करने वाली सूचनाओं से बचें और अपने भविष्य तथा समाज के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएं।



