नई दिल्ली, 27 फरवरी 2026।
दिल्ली में क्राइम ब्रांच ने फायरिंग के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान जहांगीरपुरी निवासी आफताब (25) के रूप में हुई है, जो थाना महिंद्रा पार्क में दर्ज फायरिंग मामले में वांछित था। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद से आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर उसे पकड़ लिया गया।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि 26 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग मामले में वांछित आफताब कुशल सिनेमा रोड स्थित काली माता मंदिर के पास अपने एक फरार साथी से मिलने आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि 24 जनवरी 2026 को आरोपी ने आपसी रंजिश के चलते अपने साथी के साथ मिलकर अनमोल और सलमान नामक दो युवकों पर फायरिंग की थी। हालांकि इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी और दोनों युवक भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे थे।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उस पर लूट, झपटमारी, चोरी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े 11 मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 में भी आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर स्कूटी सवार को रोककर चाकू मारकर लूटपाट की थी। उस मामले में वह जेल भी जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी उसने अपराध का रास्ता नहीं छोड़ा। पुलिस ने आरोपी को विधिवत कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण कराया और उसकी जानकारी परिजनों को दे दी। मामले की आगे की जांच थाना महिंद्रा पार्क पुलिस कर रही है।



