धमतरी, 27 फरवरी।
नगरी विकासखंड के ग्राम गट्टासिल्ली में शुक्रवार को महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता की सशक्त मिसाल देखने को मिली। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने जय मां लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित दोना-पत्तल एवं कपड़ा धुलाई पाउडर निर्माण इकाई का निरीक्षण कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उत्पादन प्रक्रिया, कच्चे माल की उपलब्धता, विपणन व्यवस्था तथा आय-व्यय का विस्तृत जायजा लिया। दोना-पत्तल निर्माण में प्रयुक्त पत्तों के संग्रहण से लेकर मशीनों की कार्यप्रणाली और तैयार उत्पाद की बाजार में खपत तक की समीक्षा की गई। समूह की अध्यक्ष शिवरात्रि विश्वकर्मा ने बताया कि आसपास के गांवों से पत्ते एकत्र कर उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जिन्हें स्थानीय बाजारों में बेचकर महिलाओं को नियमित आय मिल रही है।
इसके बाद कपड़ा धुलाई पाउडर निर्माण इकाई का अवलोकन किया गया। समूह ने बताया कि कच्चा माल रायपुर से मंगाया जाता है और आकर्षक पैकेजिंग के साथ उत्पाद स्थानीय दुकानों में उपलब्ध कराया जाता है। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे लघु उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
दौरे के दौरान गट्टासिल्ली स्थित किसान उत्पादक संगठन केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। प्रबंधन समिति ने बताया कि क्षेत्र में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है, किंतु वर्तमान पैकेजिंग मशीन सुचारू रूप से कार्य नहीं कर रही है। इस पर कलेक्टर ने नई पैकेजिंग मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बाजार विस्तार को बढ़ावा मिल सके।
उन्होंने बेहतर लेबलिंग, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण पंजीयन (जहां आवश्यक हो) तथा डिजिटल विपणन मंचों से जुड़ने की सलाह भी दी। कलेक्टर ने महिलाओं को शासन की स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं से जुड़कर उत्पादन क्षमता बढ़ाने, बैंक समन्वय मजबूत करने और समूह आधारित मॉडल अपनाकर बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिलाओं को अपने बच्चों को ‘लइका घर’ भेजने की समझाइश भी दी, ताकि उन्हें बेहतर पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रारंभिक शिक्षा मिल सके।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह ठाकुर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग विमल साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास जगरानी एक्का, एसडीएम नगरी मनोज मरकाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



