रायपुर, 27 फरवरी।
बैरन बाजार स्थित जिला पशु चिकित्सालय में पदस्थ चिकित्सा कर्मचारी राजेश पटेल ने अंगदान का संकल्प लेकर समाज के सामने प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट दधीचि’ के अंतर्गत उन्होंने अंगदान के लिए पंजीयन कर जनजागरूकता का संदेश दिया।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने राजेश पटेल को सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके इस पुनीत कार्य की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि अंगदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है, जिससे कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है।
राजेश पटेल ने कहा कि उन्हें इस पहल का हिस्सा बनकर गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा, “मेरे जाने के बाद यदि किसी को स्वस्थ जीवन मिल सके, इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।” उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन के अनुसार ‘प्रोजेक्ट दधीचि’ के तहत अब तक 88 से अधिक लोगों ने अंग एवं संपूर्ण देहदान का संकल्प लिया है। इससे समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक जागरूकता बढ़ रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे भी इस मानवीय पहल से जुड़ें। अधिक जानकारी और पंजीयन के लिए 9406049000 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, संयुक्त संचालक पशु स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. शंकरलाल उइके तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता प्रभात सक्सेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



