रायपुर, 27 फरवरी।
रायपुर में लोक निर्माण विभाग ने बीजापुर, बलौदाबाजार-भाटापारा और रायपुर जिले की पांच सड़क परियोजनाओं के लिए 108.96 करोड़ रुपये की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इन कार्यों के तहत कुल 73.86 किलोमीटर सड़क के साथ पुल-पुलियों का निर्माण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्य में तय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बीजापुर जिले में 42.56 किमी लंबे पिनकोंडा-चेरपाल मार्ग के निर्माण के लिए 47.64 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें 80 पुल-पुलियों का निर्माण शामिल है। वहीं बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 7 किमी रिसदा बायपास मार्ग के लिए 11.91 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
रायपुर जिले में 9 किमी भानसोज-बरछा-मालीडीह-खौली मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 20.17 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा ग्राम चरौदा-धरसींवा में 3.20 किमी फोरलेन गौरवपथ के निर्माण के लिए 14.81 करोड़ रुपये तथा रायपुर रेलवे स्टेशन से शदाणी दरबार तक 12.10 किमी एक्सप्रेस-वे के डामरीकरण कार्य के लिए 14.43 करोड़ रुपये की निविदा को भी मंजूरी मिली है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्य विभागीय मानकों के अनुरूप ही किए जाएंगे। परियोजनाएं किसी अन्य एजेंसी को सब-लेट नहीं की जाएंगी और ठेकेदारों से अतिरिक्त परफॉर्मेंस सिक्योरिटी के रूप में बैंक गारंटी लेना अनिवार्य होगा।



