बांदा, 25 फरवरी 2026
बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र स्थित कोलावल मोरंग खदान में पोकलैंड ऑपरेटर की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान महोबा जिले के सिरसी कला निवासी 20 वर्षीय शनि उर्फ सोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और आरोप लगाया है कि युवक पर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला किया गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और खदान परिसर में खड़ी पोकलैंड मशीन के पास पड़े शव का पंचनामा भरवाया। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। इसके बाद शव को बांदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। परिवार के लोगों का कहना है कि शनि पिछले करीब तीन महीनों से खदान में ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था और वह अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था।
पुलिस के अनुसार खदान प्रबंधक ने घटना की सूचना दी थी कि मशीन ऑपरेटर वाहन के पास मृत अवस्था में मिला है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से तकनीकी, वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने परिजनों से शिकायत लेकर चार से पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और हर पहलू से जांच की जा रही है।


