बांदा, 26 फ़रवरी 2026।
कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बेज़ुबान पशु के साथ क्रूरता करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेज दिया। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर की गई, जिसमें दो व्यक्ति एक निरीह पशु के साथ बेरहमी से मारपीट करते नजर आ रहे थे।
जानकारी के अनुसार 23 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें दो लोग एक बेसहारा पशु के साथ अमानवीय तरीके से मारपीट करते दिखाई दिए। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। चौकी प्रभारी अतर्रा चुंगी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की पहचान की गई और तत्परता दिखाते हुए उन्हें बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में महावीर पुत्र लोटन, निवासी ग्राम बड़ोखर खुर्द, थाना कोतवाली नगर, बांदा तथा अख्तर पुत्र बाविद, निवासी ग्राम बड़ोखर खुर्द, थाना कोतवाली नगर, बांदा शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बेज़ुबान पशुओं के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी। सहायक पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि पशुओं के साथ क्रूरता होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।



