नोएडा, 23 फरवरी 2026।
नोएडा में थाना रबूपुरा पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दो शातिर गोकशों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से हथियार और गोकशी में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद की है।
अपर पुलिस उपायुक्त के अनुसार थाना रबूपुरा पुलिस रविवार देर रात करौली अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वे रुकने की बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें शामली निवासी सलमान घायल हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उसके साथी बुलंदशहर निवासी असलम को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल और गोकशी में उपयोग होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई गोकशी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस घायल बदमाश का इलाज कराने के साथ ही आगे की कार्रवाई कर रही है।



