बरेली, 26 फरवरी 2026।
बरेली के शाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकबजनी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपितों के पास से तीन लाख रुपये से अधिक नकद, अवैध तमंचे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपित चोरी के जेवर बेचकर दिल्ली भागने की कोशिश कर रहे थे।
दरअसल, पांच-छह फरवरी की रात शाही थाना क्षेत्र के मोहल्ला आजमनगर में चांद बाबू के घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और 28 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
थाना प्रभारी राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि बुधवार रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपित इमरान अपने साथी तौफीक के साथ चोरी का सामान बेचकर मिले पैसे लेकर दिल्ली भागने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बीएसएनएल चौराहे के पास घेराबंदी की। इस दौरान दो युवकों को बाइक पर आते देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे।
पुलिस का पीछा करने पर शाही-मिर्जापुर रोड स्थित श्मशान के पास उनकी बाइक फिसल गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस कार्रवाई में इमरान के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी तौफीक भी पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार इमरान पर 13 और तौफीक पर आठ आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।



