नोएडा, 23 फरवरी 2026।
नोएडा के थाना सेक्टर 63 क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या मामले में पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। छात्रा का शव रविवार को उसके घर में पंखे से लटका मिला था, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को जांच के दौरान छात्रा द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें तीन युवकों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया था।
मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मोहम्मद अरबाज, मोहम्मद समीर और अंकुश तोमर के खिलाफ यौन शोषण और ब्लैकमेल करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दबिश देकर मोहम्मद अरबाज और मोहम्मद समीर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अंकुश तोमर पहले से एक अन्य मामले में जेल में बंद है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद यदि यौन शोषण की पुष्टि होती है तो मामले में धाराएं बढ़ाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



