कानपुर, 27 फरवरी 2026।
पुलिस ने बीती 16 फरवरी को हुई आठ लाख रुपये की लूट में शामिल दो आरोपियों को देर रात पैर में गोली मारकर दबोच लिया। घायलों को रामादेवी स्थित काशीराम ट्रामा सेंटर में प्राथमिक उपचार के बाद शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि गुरुवार देर रात चकेरी के अहिरवार इलाके में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक सवार दो युवक चेकिंग देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों के पैर में गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान बेकनगंज निवासी मुजाहिद और यासीन के रूप में हुई और दोनों ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया।

गौरतलब है कि बीती 16 फरवरी को यशोदा नगर निवासी मोहम्मद वाहिद गांव की जमीन बेचने के बाद रुपये से भरा बैग लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान श्यामनगर इलाके में बदमाशों ने उनसे रुपये से भरा बैग लूट लिया था।
विरोध करने पर बदमाशों ने कट्टे की बट मारकर उन्हें घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए थे। घटना का लूट और मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हालांकि उस समय पीड़ित ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई थी।
बल्कि पुलिस को दिए बयान में पीड़ित ने बताया था कि बाइक सवारों के साथ उसकी कुछ कहासुनी हो गई थी, जिसके चलते मारपीट में वह घायल हो गया था।
लेकिन एकाएक बुधवार देर रात पीड़ित ने अपने साथ हुई लूट के मामले में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से दो शातिरों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। अब दोनों को जेल भेजा जाएगा।



