बागपत, 23 फरवरी 2026।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में खेकड़ा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो गो तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों में एक चांदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ 23 मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि दूसरा आरोपी मेरठ जिले का रहने वाला बताया गया है।
खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के डूंडाहेड़ा गांव में 20 फरवरी को गो तस्करों द्वारा तीन गोवंशों की हत्या कर उनके अवशेष गांव के पास फेंक दिए गए थे। इस घटना के बाद गौ रक्षा दल और हिंदू संगठनों ने हंगामा किया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और 22 फरवरी की रात खेकड़ा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो गो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। ये आरोपी आवारा पशुओं को नशीला इंजेक्शन लगाकर बेहोश कर उनकी हत्या कर देते थे और बाद में उन्हें काट देते थे।
पकड़े गए आरोपियों में चांदीनगर थाना क्षेत्र के पांची गांव निवासी इंतजार शामिल है, जिसके खिलाफ 23 मुकदमे दर्ज हैं। दूसरा आरोपी मेरठ के थाना सरूरपुर क्षेत्र के जसड गांव का रहने वाला साजिद है, जिसके खिलाफ गोकशी और अवैध शस्त्र अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है। खेकड़ा थाना प्रभारी के अनुसार दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले भी गोकशी और अवैध हथियारों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।



