रायपुर, 13 मार्च।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान अविभाजित मध्य प्रदेश विधानसभा की पूर्व सदस्य श्रीमती मंगली बाई रावटे के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय मंगली बाई रावटे का व्यक्तित्व अत्यंत सरल और विनम्र था। वे समाज सेवा के प्रति समर्पित रहीं और अपने जीवन में लोगों के सुख-दुःख में हमेशा सहभागी बनकर सेवा भाव से कार्य करती रहीं।
उन्होंने कहा कि उनके जीवन में मानवीय संवेदनाओं, सामाजिक दायित्व और सेवा भावना का स्पष्ट प्रतिबिंब दिखाई देता था। समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और समर्पण उन्हें एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में स्थापित करता है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनके निधन से समाज ने एक समर्पित और प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
उन्होंने सदन की ओर से दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें।


