रायपुर, 11 मार्च।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का बुधवार को आठवां दिन है। आज सदन की कार्यवाही के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ विधानसभा की कार्यवाही प्रारंभ होगी। इस दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और लखनलाल देवांगन विधायकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देंगे।
सदन में आज जंबूरी विवाद और आत्मानंद स्कूलों से जुड़ा मुद्दा प्रमुख रूप से उठने की संभावना है। प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक उमेश पटेल इस विषय को उठाएंगे। वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी स्कूलों की स्थिति को लेकर प्रश्न लगाया है। इन सवालों का जवाब स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव विधानसभा में देंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर मंत्री लखन लाल और डिप्टी सीएम अरुण साव देंगे।
इसके बाद ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान आयुष्मान योजना के अंतर्गत इलाज नहीं मिलने का मामला भी सदन में उठाया जाएगा। कांग्रेस विधायक कविता लहरे इस मुद्दे को सदन में रखेंगी। वहीं विधायक अनुज शर्मा धरसींवा क्षेत्र में उद्योगों से निकलने वाले रासायनिक अपशिष्ट से जल प्रदूषण के विषय को ध्यानाकर्षण के माध्यम से उठाएंगे। इसके अतिरिक्त मंत्री ओपी चौधरी और रामविचार नेताम के विभागों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विचार किया जाएगा।
इसके अलावा विधायक लखेश्वर बघेल, राघवेंद्र सिंह और हर्षिता बघेल याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। वहीं मंत्री ओपी चौधरी, रामविचार नेताम और लक्ष्मी राजवाड़े से संबंधित विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।



