रायपुर, 10 मार्च।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का मंगलवार को सातवां दिन है। आज सदन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री विधायकों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देंगे। इसके साथ ही ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों और अन्य कार्यवाही भी सदन में की जाएगी।
प्रश्नकाल में आज खनन, परिवहन, सहकारिता, राजस्व और वन विभाग से जुड़े कई मुद्दे उठाए जाएंगे। विशेष रूप से आयरन अयस्क के खनन और उसके परिवहन से संबंधित नियमों, निगरानी व्यवस्था, वाहन फिटनेस परमिट, ओवरलोडिंग तथा क्षतिग्रस्त वनों के संरक्षण और सुधार से जुड़े विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
सदन में भाजपा विधायक रेणुका सिंह नेशनल हेराल्ड को दिए गए विज्ञापनों का मुद्दा भी उठाएंगी और सरकार से यह जानकारी मांगी जाएगी कि किन परिस्थितियों में और किस प्रक्रिया के तहत यह विज्ञापन जारी किए गए।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत रायपुर स्मार्ट सिटी परियोजना में सौंदर्यीकरण के नाम पर कथित अनियमितताओं का मामला भी उठेगा। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर, धरमलाल कौशिक और धर्मजीत सिंह इस विषय पर नगरीय प्रशासन मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगे।
प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री केदार कश्यप और टंक राम वर्मा विधायकों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव के आय-व्यय से जुड़े मुद्दे पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे।
इसके अलावा सदन में सभापति अमर अग्रवाल विभिन्न प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। वहीं विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम और संदीप साहू याचिकाओं की प्रस्तुति करेंगे। साथ ही उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री दयाल दास बघेल और राजेश अग्रवाल से संबंधित विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा की जाएगी।



