जांजगीर-चांपा, 24 फरवरी।
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा मंगलवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किए जाने के बाद कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बजट को किसानों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरने वाला बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वयं को किसानों का हितैषी बताती है, लेकिन धान खरीदी के मामले में किसानों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है।
राजेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में टालमटोल की जा रही है और नए नियम व शर्तें लागू कर किसानों को उपज बेचने में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों पर तकनीकी व प्रशासनिक अड़चनें पैदा होने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार किसान हैं, लेकिन बजट में उनके लिए कोई ठोस और भरोसेमंद प्रावधान नजर नहीं आता।
कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता दी जाए तथा धान खरीदी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके।



