शिमला, 16 मार्च।
हिमाचल प्रदेश में मार्च के मध्य फिर ठंड लौट आई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में औसत न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक सराहन में 29.5 मिमी, सलूणी में 32 मिमी, भावानगर में 29 मिमी, रामपुर में 28 मिमी, कटौला में 23.4 मिमी, भटियात में 23.1 मिमी, मनाली में 22 मिमी और भरमौर में 20.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मंडी में 14.6 मिमी, बरठीं में 14.2 मिमी और शिमला में 12.2 मिमी वर्षा हुई।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रही। खदराला में 10.2 सेंटीमीटर, कल्पा में 6.4 सेंटीमीटर, गोंदला और जोत में 3-3 सेंटीमीटर और कुकुमसेरी में 1.5 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। कुल्लू जिले के मनाली क्षेत्र में भी मौसम खराब रहा और ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी जारी रही।
अटल टनल रोहतांग के पास बर्फबारी के कारण कई वाहन फंस गए। पुलिस और प्रशासन फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। सुरक्षा कारणों से सोलंगनाला से आगे वाहन चलाने की अनुमति फिलहाल नहीं है। मौसम विभाग ने 20 मार्च तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। 22 मार्च तक मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना कम है।
इस बारिश और बर्फबारी को किसानों और बागवानों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। गेहूं और अन्य फसलें, साथ ही सेब और फलदार पौधों को पर्याप्त नमी मिलने की संभावना है। शिमला में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री, मनाली में 2.9 डिग्री और अन्य क्षेत्रों में भी कम तापमान दर्ज किया गया।



