बेंगलुरु, 12 मार्च।
कर्नाटक में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल और भोजनालय उद्योग संकट में है। विशेषकर बेंगलुरु और अन्य प्रमुख शहरों में वाणिज्यिक सिलेंडरों की कमी के कारण कई होटल संचालन में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। कुछ होटल अस्थायी रूप से बंद भी हुए हैं।
होटल उद्योग के लोग बताते हैं कि गैस की अनियमित आपूर्ति से दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहा है। बेंगलुरु के उडुपी होटल मालिक कृष्णकुमार ने कहा कि सिलेंडरों की कमी से रसोई संचालन मुश्किल हो गया है। हुबली के गजानन होटल के मालिक अरविंद माने ने भी बताया कि यदि आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आम जनता पर असर पड़ेगा और होटल उद्योग को भारी नुकसान होगा।
सरकार और पुलिस ने इस स्थिति पर कड़ी नजर रखी है। कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक एमए सलीम ने जिला पुलिस अधीक्षकों को गैस वितरण केंद्रों की जांच और काला बाज़ारी रोकने के निर्देश दिए हैं। उद्योग जगत का कहना है कि यदि गैस आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई, तो राज्य के होटल और खाद्य सेवा क्षेत्र की स्थिति और खराब हो सकती है।



