शिमला, 12 मार्च।
हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में बाधा आने से होटल और रेस्तरां संचालकों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
होटल एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष महेंद्र सेठ ने कहा कि मौजूदा हालात में रसोई संचालन चुनौतीपूर्ण हो गया है। उन्होंने शिमला जिला प्रशासन से मुलाकात कर अस्थायी रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल की अनुमति देने का आग्रह किया है। नियमों के अनुसार होटल केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों पर निर्भर हैं, लेकिन आपूर्ति में बाधा के कारण उन्हें कठिनाई हो रही है।
होटल एसोसिएशन ने बताया कि पर्यटन सीजन में गैस की खपत अधिक होती है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो शिमला और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में टूरिस्ट सीजन प्रभावित हो सकता है।
प्रदेश सरकार ने आश्वस्त किया है कि घरेलू रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडारण मौजूद है और आम लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने कहा कि फिलहाल केवल व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश में लगभग 15 हजार व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार होटल, रेस्तरां और अन्य संस्थानों को दिया जा रहा है।


