शिमला, 21 फरवरी 2026
शिमला जिला पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कॉपर केबल चोरी के मामले का खुलासा किया और दो महिलाओं सहित तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई कॉपर केबल भी बरामद कर ली है। मामले की जांच बालूगंज थाना पुलिस कर रही है।
पुलिस ने थाना बालूगंज में बीएनएस की धारा 303(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता परेश शर्मा, निवासी नेरी, तहसील व जिला शिमला के बयान के आधार पर की गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को गांव मानला में एक वाहन संदिग्ध हालत में खड़ा दिखा, जिसमें दो महिलाएं भी बैठी हुई थीं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक सफेद बोरी में कॉपर केबल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान मनीशा (28) पत्नी भोला साहनी और संगीता (20) पत्नी अमर साहनी, दोनों निवासी दरभंगा जिला बिहार और अस्थायी रूप से फागली की झुग्गी में रहने वाली, के रूप में हुई। तीसरे आरोपी की पहचान मनोज कुमार (21) पुत्र तुल बहादुर, निवासी लोअर फागली शिमला के रूप में हुई। तीनों आरोपी कबाड़ का काम करते हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी चोरी की गई कॉपर तार को कबाड़ के रूप में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और बरामद तार अपने कब्जे में ले ली।
बालूगंज थाना पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी इलाके में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर नियंत्रण रखा जा सके।



