राजगढ़, 6 मार्च।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सुठालिया थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे एक आरोपित को जिला विदिशा के लटेरी क्षेत्र से हिरासत में लिया है। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दस बाइकें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने शुक्रवार को बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुठालिया क्षेत्र से चोरी हुई दो बाइकों के मामले में पुलिस ने आरोपित प्रकाश (22) पुत्र मोहरसिंह भील निवासी भगवानपुरा थाना लटेरी जिला विदिशा को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर ग्राम पारसाना, शंभूपुरा, कालाजी बाग के जंगल और दुर्गापुरा क्षेत्र से चोरी की गई दस बाइकें जब्त की गईं। इन बाइकों की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
बरामद की गई बाइकों में से दो बाइकें सुठालिया क्षेत्र से चोरी की गई थीं। पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपित संतोष पुत्र जगदीश लोधी और फूलसिंह पुत्र भागीरथ लोधी निवासी दुर्गापुरा फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।



