शिमला, 21 फ़रवरी 2026
शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज तीन मामलों में पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) और चरस बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
पहला मामला चिड़गांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस टीम ने आज तड़के गश्त के दौरान संदासु के पास कमल चौहान पुत्र ज्वार चौहान, निवासी वीपीओ समोली रोहड़ू के पास से 4.53 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला कुमारसैन थाना क्षेत्र में दर्ज हुआ। पुलिस ने वाहन नंबर HP 01AA-0128 की जांच के दौरान दो आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान अमित कुमार (22) पुत्र लोभ राम, निवासी गांव महोली डाकघर तेशन तहसील कुमारसैन और राजेश (42) पुत्र स्वर्गीय चेत राम, निवासी गांव डमाडी डाकघर व तहसील कुमारसैन जिला शिमला के रूप में हुई। इनके कब्जे से 91.10 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों आरोपियों पर भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
तीसरा मामला बालूगंज थाना क्षेत्र का है। यहां पुलिस ने टूटू बैफ्रिकेशन के पास कार्रवाई करते हुए गौरव चौहान के कब्जे से 6.330 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।



