नई दिल्ली, 14 मार्च।
निजी क्षेत्र की प्रमुख इस्पात निर्माता कंपनी जेएसडब्ल्यू स्टील मोजाम्बिक में मिनास डी रेवुबोए नामक कोयला खदान विकसित करने जा रही है। कंपनी के अनुसार, यह परियोजना कई चरणों में पूरी की जाएगी।
खदान मोजाम्बिक के टेते प्रांत के मोआटाइज कोयला क्षेत्र में स्थित है और इसमें कुल 85 करोड़ टन कोयले का भंडार है, जिसमें से 25 करोड़ टन कोकिंग कोल निकलने की संभावना है। पहले चरण का विकास लगभग ढाई साल में पूरा करने की योजना है। इसके बाद खदान से हर साल करीब 24 लाख टन उच्च गुणवत्ता वाले कोकिंग कोले का उत्पादन संभव होगा।
यह पहल जेएसडब्ल्यू स्टील की उस रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी इस्पात निर्माण के लिए आवश्यक कच्चे माल की स्थिर और दीर्घकालिक आपूर्ति सुनिश्चित करना चाहती है। भारत में उच्च गुणवत्ता वाले कोकिंग कोयले की कमी को देखते हुए विदेशों में खदानों के माध्यम से आपूर्ति करना अब भारतीय इस्पात कंपनियों के लिए आवश्यक हो गया है।



