मियामी।
मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) क्लब इंटर मियामी को नए सत्र से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी बाएं हैमस्ट्रिंग में मांसपेशियों में खिंचाव के कारण चोटिल हो गए हैं। क्लब ने बुधवार को बताया कि इसी वजह से वह हालिया प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा नहीं ले सके और टीम का प्री-सीजन फिनाले मुकाबला भी स्थगित कर दिया गया है।
क्लब के अनुसार, दो बार के मौजूदा लीग मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर मेसी को यह चोट पिछले सप्ताह इक्वाडोर में बार्सिलोना स्पोर्टिंग क्लब के खिलाफ खेले गए प्री-सीजन मैच के दौरान लगी थी। उस मुकाबले में मेसी ने गोल किया था, लेकिन दूसरे हाफ में उन्हें मैदान से बाहर बुला लिया गया था। बाद में कराए गए मेडिकल परीक्षण में बाएं हैमस्ट्रिंग में मसल स्ट्रेन की पुष्टि हुई।
इंटर मियामी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि मेसी की ट्रेनिंग में वापसी उनके क्लिनिकल और फंक्शनल सुधार पर निर्भर करेगी, जिसकी समीक्षा आने वाले दिनों में की जाएगी।
मेसी की अनुपस्थिति के चलते इंटर मियामी और इंडिपेंडिएंते डेल वाए के बीच प्यूर्टो रिको में शुक्रवार को प्रस्तावित मैत्री मैच अब 26 फरवरी तक टाल दिया गया है।
गौरतलब है कि इंटर मियामी को 21 फरवरी से अपना एमएलएस अभियान शुरू करना है। ऐसे में मेसी की फिटनेस टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।



