नई दिल्ली।
इंदिरा गाँधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस (आईजीआईपीईएसएस) ने जबरदस्त संघर्ष के बाद 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट के महिला वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। श्याम लाल कॉलेज मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल में आईजीआईपीईएसएस ने गत विजेता दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना को सडनडेथ में 8-7 से पराजित किया।
निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर छूटा। इसके बाद टाईब्रेकर में भी दोनों टीमों ने पांच-पांच गोल कर स्कोर 7-7 कर दिया। अंततः सडनडेथ में आईजीआईपीईएसएस ने निर्णायक गोल दागकर जीत सुनिश्चित की।
विजेता टीम की ओर से पिंकी, सुकन्या और बिंदु ने दो-दो गोल किए, जबकि आंचल और सोमवती ने एक-एक गोल का योगदान दिया। पराजित टीम के लिए मनीता ने तीन गोल दागे, विधि ने दो तथा सोनिका और कंचन ने एक-एक गोल किया।
यशस्वी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि रोहतास नगर के विधायक जितेंद्र महाजन, पार्षद रितेश सूजी और कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रबि नारायण कर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।



