नई दिल्ली, 27 फरवरी 2026।
टी20 विश्व कप के बीच भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खचंद्र सिंह का आज सुबह करीब 4 बजकर 36 मिनट पर स्टेज-4 लीवर कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी और उनका इलाज चल रहा था।
परिजनों ने बताया कि खचंद्र सिंह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे और डॉक्टर उनकी सेहत स्थिर रखने के लिए लगातार रीनल थेरेपी दे रहे थे। इसके बावजूद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ती गई और अंततः उनका निधन हो गया। इस खबर से परिवार और करीबियों में गहरा शोक छा गया है।
यह दुखद घटना उस समय हुई जब रिंकू सिंह भारतीय टीम के साथ टी20 विश्व कप में व्यस्त थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले से पहले जब उनके पिता की हालत ज्यादा बिगड़ गई थी, तब वह घर लौटे थे। बाद में वह चेन्नई में टीम के साथ दोबारा जुड़ गए थे, लेकिन पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद वह फिर से घर के लिए रवाना हो गए।
जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में रिंकू सिंह अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं थे। टीम संयोजन में बदलाव करते हुए संजू सैमसन और अक्षर पटेल को शामिल किया गया था। संजू सैमसन को शीर्ष क्रम में मौका मिला, ईशान किशन को नीचे भेजा गया और तिलक वर्मा को फिनिशर की जिम्मेदारी दी गई। हालांकि रिंकू मैदान पर बतौर स्थानापन्न खिलाड़ी टीम के साथ मौजूद रहे।
टूर्नामेंट में अब तक रिंकू सिंह पांच मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 24 रन बनाए हैं और फिनिशर की भूमिका निभाई है। भारत को अब कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबला खेलना है, जो लगभग नॉकआउट जैसा माना जा रहा है। ऐसे में उनकी उपलब्धता को लेकर अभी संशय बना हुआ है और इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि टी20 विश्व कप के दौरान रिंकू और उनके परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय है और वह दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं। पूरा क्रिकेट जगत इस दुख की घड़ी में रिंकू सिंह और उनके परिवार के साथ खड़ा है।



