बागेश्वर, 02 मार्च।
जनपद के कपकोट क्षेत्र में जंगल में रास्ता भटक गई मां-बेटी को एसडीआरएफ की टीम ने सकुशल खोजकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार 28 फरवरी को थाना कपकोट के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम वाछम की निवासी नंदी देवी (54 वर्ष), पत्नी दान सिंह, अपनी 18 वर्षीय पुत्री करिश्मा के साथ घास लेने जंगल गई थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। परिजनों ने स्वयं तलाश की, परंतु कोई सुराग न मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट कपकोट की टीम मुख्य आरक्षी दिनेश पुरी के नेतृत्व में आवश्यक सर्चिंग उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने घने जंगल और दुर्गम इलाकों में गहन तलाश अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद दोनों को जंगल क्षेत्र से सुरक्षित खोज लिया गया।
रेस्क्यू के बाद मां-बेटी को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।



