राजसमंद, 19 फरवरी।
जिले के भीम थाना क्षेत्र में गर्भवती महिला और उसके दो साल के बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें महिला का शव भीम के तालाब से बरामद किया गया जबकि बेटे का शव जंगल में तलाशा जा रहा है।
थाना प्रभारी सवाई सिंह ने बताया कि प्रियंका रावत (22) और उसका बेटा आर्यन (2) 11 फरवरी से लापता थे और परिजनों ने 12 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान पुलिस ने प्रियंका की कॉल डिटेल खंगाली, जिसमें संदिग्ध युवक गोविंद सिंह का नाम सामने आया।
रात में संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि पहले उसने प्रियंका की हत्या कर शव पर पत्थर बांधकर तालाब में फेंक दिया और उसके बाद आर्यन की हत्या कर शव को दर्रा क्षेत्र के जंगलों में फेंक दिया।
गुरुवार को पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से तालाब में खोज अभियान शुरू किया और करीब एक घंटे बाद प्रियंका का शव बरामद कर लिया। बताया गया कि प्रियंका नौ महीने की गर्भवती थी और उसका पति पेशे से कुक है।
आरोपित की निशानदेही पर पुलिस और ग्रामीण जंगल में बच्चे के शव की तलाश कर रहे हैं। घटना की जानकारी पर एसपी ममता गुप्ता और एएसपी महेंद्र पारीक मौके पर पहुंचे और जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले के पीछे की वजह का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही होगा।



