धौलपुर, 28 फरवरी 2026।
धौलपुर जिले के राजाखेड़ा कस्बे में रियासतकालीन वार्षिक चौथ का दंगल सात मार्च को आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश और प्रदेश के प्रसिद्ध पहलवान अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन करेंगे। दंगल के सफल आयोजन के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
राजाखेड़ा एसडीएम सुशीला मीणा ने नगर पालिका सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर दंगल आयोजन की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राजाखेड़ा में होली के बाद चौथ पर सात मार्च को दोपहर एक बजे से भव्य दंगल आयोजित होगा। इसके लिए मैदान को तैयार किया जा रहा है और पहलवानों के आवागमन को लेकर भी चर्चा की गई है। दंगल के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में राजस्थान के साथ-साथ समीपवर्ती उत्तर प्रदेश सहित देश के अन्य हिस्सों से नामी पहलवान भाग लेंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में राजाखेड़ा नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी देवेंद्र तिवारी, कनिष्ठ अभियंता दयाल बघेल, मीथल शुक्ला, माधो सिंह सरपंच, देवेंद्र मुद्गल, दिलीप पराशर, बंटी सरपंच, लक्ष्मीकांत गुप्ता, अनूप तिवारी, प्रमोद ठाकुर, गौरीशंकर एवं प्रमोद तिवारी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



