देहरादून, 21 फ़रवरी।
उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय की प्रथम प्रबन्ध परिषद की बैठक शनिवार को लोक भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ‘ग्राम से ओलंपिक’ विज़न पर विशेष जोर दिया गया।
कुलपति अमित कुमार सिन्हा ने विश्वविद्यालय की स्थापना, प्रस्तावित पाठ्यक्रम, मानव संसाधन, प्रशासनिक ढांचा और बुनियादी ढांचे के विकास पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। शैक्षणिक एवं प्रशासनिक पदों के सृजन हेतु प्रस्तावों को शासन को भेजने पर सहमति बनी।
बैठक में बताया गया कि विश्वविद्यालय की परिकल्पना वर्ष 2022 में की गई थी, अधिनियम मार्च 2025 में पारित हुआ और 5 मई 2025 को राज्यपाल की स्वीकृति मिली। मुख्यालय गौलापार, हल्द्वानी में स्थित है और इसे “मिशन ओलंपिक 2036” के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने तक सीमित न रहे बल्कि उत्कृष्ट खेल संस्कृति का केंद्र बने। ग्रामीण खेल प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन पर जोर देने के साथ एमओयू के जरिए प्रशिक्षण, शोध और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कुलसचिव डॉ. आशीष चौहान, अपर सचिव मनुज गोयल, अपर सचिव नवनीत पांडे एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



