बिलासपुर/रायपुर, 07 मार्च।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सेंदरी स्थित राज्य के एकमात्र शासकीय मानसिक चिकित्सालय में शुक्रवार शाम एक मानसिक रोगी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने कोनी थाना पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लखन लाल साव (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महासमुंद जिले के ग्राम बरना का निवासी था। बताया गया कि उसने अस्पताल के बाथरूम में रोशनदान से गमछा बांधकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और काफी समय से सेंदरी स्थित इस अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था।
घटना के बाद बिलासपुर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल के वार्ड स्टाफ और उस समय ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल प्रशासन यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि मरीज के पास फांसी लगाने के लिए सामग्री कैसे पहुंची और घटना के समय वार्ड में तैनात कर्मचारी कहां मौजूद थे।



