पूर्वी सिंहभूम, 02 मार्च।
गालूडीह थाना क्षेत्र स्थित बीए कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्रावास में रविवार देर रात एक शिक्षक का शव मिलने से परिसर में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 44 वर्षीय डॉ. अभिनंदन मखाल के रूप में हुई है, जो संस्थान में रसायन शास्त्र के प्राध्यापक थे। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन, छात्र और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात तक कमरे से कोई गतिविधि नहीं होने पर सहकर्मियों को संदेह हुआ। दरवाजा खोले जाने पर डॉ. मखाल अचेत अवस्था में पाए गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। गालूडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पार्थिव शरीर को जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखा गया है।
थाना प्रभारी अंकु कुमार के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मृतक के मुंह से झाग निकलने के संकेत मिले हैं, जिससे किसी विषैले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
बताया गया है कि डॉ. मखाल मूल रूप से कोलकाता के निवासी थे और कई वर्षों से कॉलेज में अध्यापन कर रहे थे। उनकी अचानक मृत्यु से शिक्षकों और विद्यार्थियों में शोक का माहौल है। कॉलेज प्रबंधन ने भी दुख व्यक्त करते हुए जांच में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।



