खूंटी, 11 फरवरी।
तोरपा थाना क्षेत्र के दोड़मा स्थित फुल्कू नदी के समीप बुधवार को पुलिस ने एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया। युवती के गले में दुपट्टा लिपटा हुआ था। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने नदी किनारे युवती का शव देखा और इसकी सूचना तोरपा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव और पुलिस अवर निरीक्षक रोशन खाखा मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या नहीं। साथ ही लोगों से शव की पहचान कराने की अपील की गई है।



