रायपुर, 13 मार्च।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त की राशि किसानों के खातों में सीधे हस्तांतरित करेंगे। इस वितरण से छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खाते में कुल 498.83 करोड़ रुपये जमा होंगे। योजना के तहत 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी और 37,400 विशेष पिछड़ी जनजाति के किसानों को भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसानों और जनप्रतिनिधियों को रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद कृषि महाविद्यालय, जोरा से जोड़ा जाएगा। कृषि विभाग ने बताया कि पीएम किसान उत्सव के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर किसान बैठकों का आयोजन कर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे किसान सीधे जुड़ सकेंगे।



