पूर्व मेदिनीपुर, 11 फरवरी।
पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदकुमार थाना क्षेत्र स्थित मल्लिकचक अमरस्मृति विद्यापीठ के एक वरिष्ठ शिक्षक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान सुजीत मन्ना (50) के रूप में हुई है, जो विद्यालय के अंग्रेजी विभाग में पदस्थ थे।
मिली जानकारी के अनुसार, उनका शव उनके पैतृक घर नारीकेलदाहा (मयना) में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मयना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले में अप्राकृतिक मृत्यु (यूडी केस) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
परिजनों और सहकर्मियों के मुताबिक, सुजीत मन्ना मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक थे। उनके निधन से छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। घटना के बाद विद्यालय में शोक की लहर व्याप्त है और इसे शिक्षा जगत के लिए बड़ी क्षति बताया जा रहा है।



